‘क्लाउड बस्ट’ जैसी बारिश का अलर्ट, प्रदेश में सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश दर्ज

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 5 दिनों (26 जून से 1 जुलाई) तक पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। हालांकि, राहत की इस खबर के बीच मानसून का एक डराने वाला पहलू भी सामने आया है । प्रदेश में मानसून का वितरण बेहद असमान है, जिसके कारण पश्चिमी हिस्से में तो नदियां उफान पर हैं, लेकिन पूर्वी मध्य प्रदेश अब भी बूंद-बूंद पानी को तरस रहा है। मध्य प्रदेश में मानसून स्थापित हो चुका है, लेकिन इसकी प्रकृति इस समय संवहनीय है। इसका मतलब है कि बादल सीमित क्षेत्रों में बहुत तेज बरसते हैं और पास का जिला सूखा रह जाता है। राजस्थान से ओडिशा तक फैली मानसूनी द्रोणिका और गुजरात के ऊपर बना चक्रवाती घेरा आने वाले दिनों में नमी बढ़ाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से लेकर ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन (मानसूनी द्रोणिका) गुजर रही है । इसके प्रभाव से आगामी 5 दिनों का शेड्यूल इस प्रकार रहेगा। 26 से 28 जून तक भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और सागर सहित अधिकांश संभागों में तेज हवाओं (40- 50 किमी / घंटा ) के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट ।