भोपाल (मध्य स्वर्णिम): वर्षों से लंबित पदोन्नति की राह को आसान करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है । आगामी 29 जून को सामान्य प्रशासन विभाग ने पदोन्नति को लेकर एक बैठक बुलाई है। इस बैठक में सभी विभागों के एसीएस, सीएस, और विभाग अध्यक्षों को बुलाया गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में पदोन्नति को लेकर फाइनल ड्राफ्ट तैयार होगा। आप को बता दे, प्रदेश के अधिकारी, कर्मचारियों की 10 साल से अटकी पदोन्नति की प्रक्रिया 10- 15 दिन में शुरू हो सकती है। राज्य सरकार ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। पदोन्नति की प्रक्रिया में बाधा बन रहे कानूनी मसले को सुलझाने के लिए अनेक वरिष्ठ अधिवक्ताओं से भी परामर्श लिया गया है। राज्य सरकार ने इस मुद्दे पर जबलपुर के अलावा दिल्ली के वरिष्ठ वकीलों और विधि विशेषज्ञों की राय ली है। संबंधित अधिकारियों ने सलाह के आधार पर ही मसौदा तैयार किया है। सीएम मोहन यादव ने 2016 से बंद पदोन्नति चालू करने का 2025 में ऐलान किया था । सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 4.50 लाख सरकारी सेवकों को फायदा होगा। कर्मचारियों, अधिकारियों के प्रमोशन से कई पद भी खाली होंगे जिनपर युवाओं को भर्ती के मौके मिलेंगे |सरकार ने अलग से अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, सचिवों, भारसाधक सचिवों व विभागाध्यक्षों को मौखिक रूप से पदोन्नति शुरू करने को कहा है। बड़ी संख्या में कर्मचारियों, अधिकारियों के पदोन्नत होने से करीब दो लाख पद खाली होने की उम्मीद है।




