होर्मुज से निकले भारत के 10 जहाज

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): अमेरिका और ईरान में शांति समझौता होने के साथ ही होर्मुज जल मार्ग के हालात काफी तेजी से सामान्य होने लगे हैं। 17 जून, 2026 को अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता करने की सहमति बनी और उसके बाद से अभी तक होर्मुज जलमार्ग से 11 जहाज भारत की तरफ रवाना हो चुके हैं। वैसे अभी भी 10 भारतीय जहाज होर्मुज में हैं लेकिन वह भी जल्द ही भारत की ओर निकल सकते हैं । इन जहाजों में काफी सारा कच्चा तेल और उर्वरक है। इनके भारत के भारतीय जहाजों की विभिन्न बंदरगाहों पर पहुंचने के साथ ही देश में पेट्रोलियम उत्पादों व उर्वरकों की उपलब्धता बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी। यह जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने दी है । जायसवाल ने बताया कि होर्मुज से जहाज बाहर निकलने लगे हैं और साथ ही तीन भारतीय जहाज बाहर से होर्मुज के पश्चिमी हिस्से में भी गये हैं। वहां से 11 जहाज भारत की तरफ आने के लिए निकल चुके हैं।

डोनाल्ड ट्रंप का दावा…
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि होर्मुज जलमार्ग खुलने के बाद एक दिन 1.9 करोड़ बैरल तेल होर्मुज से गुजर चुका है। उनके इस बयान ने वैश्विक तेल बाजार में नई हलचल मचाई है। ट्रंप ने कहा है कि कच्चे तेल की कीमतें तेजी से गिर रही हैं और तेल आपूर्ति सहज होती जा रही है।डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा कि कल होर्मुज जलडमरूमध्य से रिकॉर्ड 19 मिलियन बैरल तेल का प्रवाह हुआ। ट्रंप का कहना है कि यह अब तक का सबसे बड़ा ऑल-टाइम रिकॉर्ड है। इस भारी आपूर्ति के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से नीचे आ रही हैं।