उद्धव के 6 सांसद शिंदे की शिवसेना में शामिल

0

मुंबई (मध्य स्वर्णिम): शिवसेना (यूबीटी) के छह बागी सांसद सोमवार को मुंबई में स्थित यशवंतराव सभागृह में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना शिंदे समूह में शामिल हो गए। इन सभी का उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपनी पार्टी में स्वागत किया और कहा कि सभी सांसदों का उचित सम्मान किया जाएगा । साथ ही इन सभी सांसदों के कार्यक्षेत्र में विकास कार्य को प्रमुखता दी जाएगी। मुंबई के यशवंत राव सभागृह में आज धाराशिव से ओमराजे निंबालकर, परभणी से संजय जाधव, मुंबई उत्तर – पूर्व से संजय दीना पाटिल, हिंगोली से नागेश पाटिल अष्टिकर, शिरडी से भाऊसाहेब वाकचौरे और यवतमाल – वाशिम से संजय देशमुख ने शिवसेना शिंदे समूह में विधिवत शामिल हो गए। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज ऑपरेशन टाइगर सफल हो गया है । उन्होंने कहा कि यह सब कुछ कानूनी दायरे में किया गया है ।

40 विधायकों को लेकर क्रांति की थी:
इससे पहले 2022 में उन्होंने शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को बचाने के लिए 40 विधायकों को लेकर क्रांति की थी, जो अब बढकऱ करीब 60 विधायकों तक पहुंच चुकी है। उनकी पार्टी महाराष्ट्र में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि यह सभी छह सांसद उनके पार्टी के चुनाव चिन्ह पर आम जनता में जाएंगे और चुन कर आएंगे। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि इन सांसदों को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चा की जा रही थी। उन्होंने शिवसेना यूबीटी पर तंज कसते हुए कहा कि जब वे बालासाहेब के विचारों से हट गए, तब उन्हें बालासाहेब के विचारों को बचाने के लिए क्रांति करनी पड़ी थी।