नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): मॉनसून को लेकर सबकी अपनी उम्मीदें हैं । किसानों को खेती की चिंता है तो शहरियों को गर्मी से राहत पाने की प्रत्याशा है । दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पिछले दो सप्ताह से महाराष्ट्र और बिहार में ही अटका हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी चार से पांच दिन तक इसके आगे बढ़ने की संभावना भी नहीं है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में मॉनसून की एंट्री में भी लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है । दूसरी ओर मुंबई में भी अगले सप्ताह ही बारिश शुरू हो सकती है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कम से कम 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। राजधानी दिल्ली में भी 19 जून से 21 जून तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तेज हवाओं के साथ बौछार पड़ सकती है ।
यूपी, बिहार और झारखंड का मौसम:
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है । वहीं लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, प्रयागराज, कानपुर, उन्नाव, सीतापुर, बरेली, मेरठ, पीलीभीत, सहारनुप, बिजनौर, हरदोई, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, बदायूं, बहराइच, बलरामपुर, महोबा, झांसी, कौशांबी, हमीरपुर, चित्रकूट और बांदा में लू का अलर्ट जारी किया है ।




