नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): पार्टी के अंदर चल रही उथल-पुथल के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे ) ने एक बार फिर सांसदों की बैठक बुलाई है। इसके पहले रविवार को सांसदों की बैठक बुलाई थी, जिसमें तीन सांसद शामिल हुए थे। शिवसेना (यूबीटी) के लोकसभा मुख्य सचेतक अनिल देसाई ने सांसदों को पत्र भेजा है। पत्र में लिखा शिवसेना पार्टी के सभी लोक सभा सदस्यों को सूचना दी जाती है कि पार्टी के विभिन्न मुद्दों को लेकर संसदीय दल की अहम बैठक गुरुवार, 18 जून, 2026 को दिन में 11.00 बजे, संसदीय दल कार्यालय 128 – ए, संविधान सदन, संसद भवन, नई दिल्ली में रखी गई है। पार्टी के सभी लोक सभा सदस्यों से निवेदन है कि बैठक में अनिवार्य रूप से मौजूद रहें। इसके अलावा शिवसेना (यूबीटी) ने 22 जून को शाम चार बजे पार्टी कार्यालय में सभी विधायकों की मीटिंग बुलाई है। मुख्य सचेतक सुनील प्रभु और एमएलसी अनिल परब की ओर से लिखे पत्र में कहा गया, शिवसेना (यूबीटी) विधायक दल (विधानसभा और विधान परिषद दोनों) के सभी सदस्यों की बैठक 22 जून को शाम 4.00 बजे मुंबई में मंत्रालय के सामने स्थित शिवालय में बुलाई गई है। पार्टी प्रमुख उद्धव बालासाहेब ठाकरे इस बैठक में मार्गदर्शन करेंगे । आपसे अनुरोध है कि उक्त बैठक में समय पर उपस्थित हों ।
लोकसभा स्पीकर से मिले:
शिवेसना यूबीटी के सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई, जब शिवसेना यूबीटी में टूट की अटकलें हैं। अरविंद सावंत, अनिल देसाई और संजय राउत लोकसभा स्पीकर से मिले। मीडिया से बात करते हुए अरविंद सावंत ने कहा, हमने लोकसभा स्पीकर से अपील की है कि अगर सांसद उनके पास आते हैं तो वो संविधान के मुताबिक कार्यवाही करें। संजय राउत ने कहा कि स्पीकर ने उन्हें यकीन दिलाया है कि वे कानून और नियमों के तहत ही कार्यवाही करेंगे।




