भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्यसभा चुनाव में सीट चोरी के आरोपों को नकारते हुए दावा किया कि कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का खेल बिगाड़ने का काम उन्हीं की पार्टी के नेताओं ने किया क्योंकि उनमें से कई की नजर उस सीट पर थी । राज्यसभा की तीन सीटों पर हो रहे चुनाव में मंगलवार को उस समय नाटकीय मोड़ आ गया, जब शपथपत्र में जानकारी छुपाने के आरोप में नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया, गया। राज्यसभा के निर्वाचन अधिकारी अरविंद शर्मा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद पाया गया कि नटराजन ने नामांकन के साथ जमा किए गए फॉर्म 26 में अदालत की शिकायत का जिक्र नहीं करते हुए अधूरा हलफनामा दाखिल किया था।




