मताधिकार जनता का सुदर्शन चक्र: डॉ. यादव

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के प्रचार में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसभाएं कीं। मधुबनी जिले की बिस्फी और गया जिले की वजीरगंज विधानसभा में उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों हरिभूषण ठाकुर बचौल और बीरेंद्र सिंह के समर्थन में विशाल रैलियां कीं। सीएम ने कहा कि यह चुनाव धर्म और अधर्म के बीच की लड़ाई है, और बिहार की जनता इस बार एनडीए के साथ खड़ी है। वजीरगंज की सभा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी दल हमेशा समाज में फूट डालने की साजिश करते हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता को समझ आ गया है कि कौन उनके साथ है। इस बार इतनी ताकत से बटन दबाना कि कीचड़ में कमल फिर खिले। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 11 नवंबर को मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महायज्ञ में अपनी आहुति दें। कलियुग में मताधिकार ही जनता का सुदर्शन चक्र है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने हमेशा समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का काम किया है। ये लोग वोट बैंक की राजनीति के लिए भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बना और अब बिहार में माता सीता धाम बनेगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी हरियाणा चुनाव की बातें उठाकर बिहार के मतदाताओं में भ्रम पैदा कर रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि पहले भी उन्होंने चुनाव आयोग और ईवीएम पर झूठे आरोप लगाए थे, जिनकी सुप्रीम कोर्ट में पोल खुल चुकी है। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि अब बिहार विकास के रास्ते पर है। एनडीए सरकार ने शराबबंदी, किसान सम्मान निधि और महिलाओं के सशक्तिकरण जैसी योजनाओं से आम जनता का जीवन बदला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की तस्वीर बदली है।

केंद्रीय संसदीय समिति के सदस्यों से चर्चा:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के सामाजिक-आर्थिक और शैक्षणिक विकास तथा कल्याण के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा उद्देश्य है। योजनाओं और कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य शासन विभिन्न सुझावों के प्रति संवेदनशील और नवाचारों के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पहुंची अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण के लिए गठित केंद्रीय संसदीय समिति के सदस्यों के साथ चर्चा में यह बात कही।केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष श्री कुलस्ते ने बताया कि अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय समिति द्वारा मैदानी स्तर पर समीक्षा की जा रही है। साथ ही कर्मचारियों के सेवा में प्रतिनिधित्व और उनके लिए संचालित कल्याणकारी गतिविधियों की प्रगति का भी आंकलन किया जा रहा है। योजनाओं व कार्यक्रमों के संबंध में समिति ने स्थानीय समुदायों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया है। समिति द्वारा तैयार की जा रही यह रिपोर्ट संसद में प्रस्तुत की जाएगी।