कांग्रेस वोट मांगकर परिवार को ही देती है भारतरत्न

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): बिहार विधानसभा चुनाव घमासान में, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्टार प्रचारक बनकर उतरे हैं। उन्होंने मधुबनी और पटना में धुआंधार प्रचार करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सीएम डॉ. यादव ने कांग्रेस पर केवल एक ही परिवार को भारत रत्न देने का आरोप लगाया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब और योग्य लोगों को सम्मानित किया। दुर्भाग्य है कि कांग्रेस केवल वोट मांगती है। जब भी भारत रत्न का मौका आया, तो अपने खानदान के अलावा उसे कुछ नहीं दिखा-जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी। सारे भारत रत्न घर में ही ले आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब और काम करने वालों को आगे बढ़ाया। कर्पूरी ठाकुर जी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भी भारत रत्न देने का काम केवल एनडीए सरकार ने किया। उनका मंत्र है, सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास। सीएम यादव ने इस चुनाव को महज सीटों की लड़ाई नहीं, बल्कि परिवारवाद और राष्ट्रवाद की विचारधाराओं के बीच निर्णायक संघर्ष बताते हुए जनता से भगवान राम और कृष्ण के नाम पर एनडीए के लिए समर्थन मांगा है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने जनसभाओं में कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और उसे चुनाव से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि जब कांग्रेसी आपके दरवाजे आएं और कहें कि वे भी भगवान राम के भक्त हैं, तो उनसे कहिए कि वे मथुरा में भगवान कृष्ण के मंदिर का समर्थन करें। उनसे सवाल कीजिए कि तुमने तो भगवान राम के जन्म का प्रमाण पूछा था। कांग्रेस ने राम मंदिर के मुद्दे को उलझाया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर का भूमिपूजन किया। सीएम ने जनसभा में कहा कि मधुबनी नाम सुनकर ही मन प्रसन्न हो जाता है। यहां की मधुबनी पेंटिंग की बात ही अलग है। यहां का राजसी पाग सोने-चांदी के मुकुट को फीका कर देता है। चुनावी माहौल में आज यहां का वातावरण वैसा ही है, जैसा होना चाहिए। बड़ी संख्या में बहनें बैठी हैं। वे चूल्हा-चौके से लेकर मंत्रालय तक संभालती हैं।

कांग्रेस को रहना चाहिए चुनाव से दूर:
सीएम डॉ. मोहन ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में बहनों को दस हजार क्या दिए कांग्रेस हाय रे-हाय रे करने लगी। इनको लगा कि इनकी जेब कट गई। वो छाती पीट रहे हैं। कांग्रेस ने कभी बहनों के लिए कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अभी तो केवल दस हजार रुपये दिए हैं, आगे जाकर सभी बहनों को दो लाख रुपये देंगे। सीमा पर जवान और खेत में किसान, इन दोनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समान भाव से देखते हैं। उन्होंने देश में पहली बार किसानों को सम्मान निधि दी। किसानों की मेहनत से पूरे देश का पेट भरता है।