मालखाना से गायब हुए 55 लाख रुपए

0

बालाघाट (मध्य स्वर्णिम): एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस महकमे की साख को हिलाकर रख दिया है। मालखाना जहां अपराधियों से बरामद नकदी और गहने सुरक्षित रखे जाते हैं, वहां से ही गुम हो गए 55 लाख रुपए और सोने-चांदी के गहने। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गुमशुदगी के शक की सुई सीधे उसी पर गई जो इस मालखाने का प्रभारी था। बालाघाट कोतवाली थाना के मालखाने से करीब 55 लाख रुपए और सोने- चांदी के गहने गायब हो गए। पुलिस जांच में आरोप प्रधान आरक्षक राजीव पंद्रे पर लगा, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बताया जाता है कि राजीव ने चोरी की जप्त राशि में हेराफेरी की कोशिश की, और शक होने पर थाने के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि राजीव ने पहले मालखाने से 55 लाख नकदी और गहने गायब कर दिए थे, और बाद में किसी दूसरे चोरी के केस से बरामद राशि से कमी पूरी करने की योजना बना रहा था। इसके बाद उसे भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज किया गया और लगभग 40 लाख रुपए वापस जमा भी कराए गए। इस घटना को पुलिस ने पहले दबाने की कोशिश की, लेकिन मामला तब और गरम हो गया जब पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि मालखाने से 84 लाख गायब हुए हैं।