दतिया (मध्य स्वर्णिम): विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा दिए गए बयानों को लेकर भाजपा ने प्रदेश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त से शिकायत की है। भाजपा ने पटवारी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और शासकीय संस्थाओं के खिलाफ तथ्यहीन और आपत्तिजनक आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखित शिकायत देकर कहा कि जीतू पटवारी के बयान भ्रामक और निराधार हैं। पार्टी का आरोप है कि ऐसे बयानों के जरिए मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने के साथ-साथ शासकीय संस्थाओं की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा ने शिकायत में कहा कि पटवारी के बयानों से मतदाताओं के बीच भ्रम और तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। इससे दतिया में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। पार्टी ने दावा किया कि इस तरह के बयान चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाले हैं और आदर्श आचार संहिता की भावना के विपरीत हैं। भाजपा ने निर्वाचन आयोग से मामले की तत्काल जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पार्टी ने यह भी मांग रखी है कि चुनाव प्रचार की शेष अवधि के दौरान जीतू पटवारी के दतिया विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश और चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध लगाया जाए।




