मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण योजना में किसानों के खाते में डाले 3308 करोड़ रूपए, 8270000 अन्नदाताओं के चेहरे खिले

0

खंडवा (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने खंडवा जिला मुख्यालय में हुये बलराम कृषि महोत्सव में प्रदेश के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत 3308 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से अंतरित किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई उन्नत कृषि पर केंद्रित कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती-किसानी को लाभदायी बनाने और कृषि को आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव केवल एक आयोजन न होकर किसानों को नई तकनीक, वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का व्यापक अभियान है। यह किसानों का अपना कार्यक्रम है, किसान इसका अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी खेती को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खंडवा की बात ही अलग है। अतीत का खानदेश अब कई खासियतों के लिए मशहूर है। यहाँ की काली मिट्टी फसलों के लिए सोने जैसी है। इसीलिए यहां की फसलें भी सोने के भाव बिकती हैं। खंडवा जिले के हर खंड में किसानों की मेहनत से खुशहाली है। बात खेती-किसानी की हो, या जल और पर्यावरण बचाने की, खंडवा हर मामले में अव्वल है। यहां के परिश्रमी किसानों ने अपनी उद्यमशीलता और नवाचारों से पूरे देश और प्रदेश में खेती का एक अलग ही स्टैंडर्ड मॉडल सेट किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से अनुरोध करते हुए कहा कि बलराम कृषि महोत्सव आपका अपना महोत्सव है। इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि परम्परागत खेती अब गुज़रे ज़माने की बात हो गई है। अब आधुनिक और उन्नत खेती का दौर है। किसान बंधु अपने खेत की मिट्टी की जांच करायें। मिट्टी की उत्पादकता के अनुसार ही फसल लें। बहुत अधिक रायायनिक उर्वरकों का उपयोग करने से बचें, जितनी जल्दी हो सके, प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर बढ़ें।

दुग्ध उत्पादन 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य:

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह किसानों के प्रति हमारी संकल्प शक्ति का ही परिणाम है कि आज प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 65 लाख हैक्टेयर हो गया है, जो कि वर्ष 2002-03 से पहले मात्र 44 लाख हैक्टेयर था। पिछले ढाई साल में सिंचाई का रकबा 10 लाख हैक्टेयर से अधिक बढ़ चुका है। राज्य सरकार ने कृषि क्षेत्र में सर्वांगीण विकास के लिए किसानों को बिजली, पानी, बेहतर सड़कें, प्राकृतिक खेती और आधुनिक खेती से जोड़ा है। किसान भाई अब ड्रोन से खेतों में खाद- बीज का छिड़काव कर रहे हैं।


मिलेगी सरकारी रोडवेज बसों की सौगात:

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों को हर माह 1500 रुपए की सौगात मिल रही है। हर महीने रक्षाबंधन मनता है। अगले महीने से प्रदेश के नागरिकों को सरकारी रोडवेज बसों की सौगात मिलेगी। यह गरीब, किसानों के कल्याण का समय है। प्रदेश में गरीब-जरूरतमंदों को इलाज के लिए एयर एंबुलेंस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़े सभी धार्मिक स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। सिंहस्थ: 2028 के आयोजन की तैयारियों के साथ ही ओंकारेश्वर धाम में भी 3 हजार करोड़ की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

आज मिलेगा चौथा रेलवे स्टेशन, मुख्यमंत्री राजधानी के निशातपुरा स्टेशन का उद्घाटन करेंगे:
शहर का विस्तार अब तेजी से हो रहा है। शहर के विस्तार के साथ-साथ सुविधाओं की भी जरूरत है। भोपाल शहर में अब चार रेलवे स्टेशन हो जाएंगे। पहले से भोपाल, रानी कमलापति और संत हिरदाराम नगर स्टेशन हैं। इसमें नया निशातपुरा स्टेशन का नाम जुड़ गया है। निशातपुरा रेलवे स्टेशन महीनों पहले बनकर तैयार हो गया था। लेकिन वहां से ट्रेनें नहीं चल रही थीं। इस स्टेशन से गाडिय़ां तो गुजरती थीं लेकिन किसी भी ट्रेन का कोई स्टॉपेज नहीं था। न ही कोई ट्रेन खुलती थी। इसकी वजह से लोग इस भूतिया स्टेशन भी कहने लगे थे। लेकिन 28 जुलाई से यहां से ट्रेनें चलने लगेंगी। सीएम मोहन यादव इस स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री मोहन यादव निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद स्टेशन से यात्री रेल सेवाओं का नियमित संचालन प्रारंभ होगा। निशातपुरा रेलवे स्टेशन का संचालन केवल एक नए रेलवे स्टेशन का शुभारंभ नहीं, बल्कि तेजी से विकसित हो रहे भोपाल की नई पहचान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की गई महत्वपूर्ण अधोसंरचना है। इंदौर की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन निशातपुरा रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। विशेष रूप से मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का ठहराव अब निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर होगा।


मुख्यमंत्री ने खिलाडिय़ों को दी बधाई:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चीन के हांगझोउ में आयोजित आईएसएसएफ शूटिंग वल्र्ड कप- 2026 की महिला 25 मीटर पिस्टल प्रतियोगिता में भारत की स्टार निशानेबाज सुश्री ईशा सिंह को स्वर्ण पदक और सुश्री मनु भाकर को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की बेटियां विश्व कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ईशा सिंह और मनु भाकर ने विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त कर सम्पूर्ण भारत का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह जीत भारतीय महिला खिलाडिय़ों के कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।