वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना से चिरकाल तक प्रेरणा देते रहेंगे शहीद पुलिस जवान: सीएम

0

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीर पुलिस जवानों की शहादत को नमन करते हुए कहा कि यह दिवस प्रत्येक वर्दीधारी के लिए प्रेरणा का पुंज है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1959 की वह ठंडी सुबह आज भी हमारे मन में गहराई से अंकित है। लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में हमारे 10 वीर पुलिस जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनके बलिदान के उपरांत ही भारत में पुलिस स्मृति दिवस मनाने की परंपरा प्रारंभ हुई। हमारे वीर जवानों ने वर्ष 1959 में जिस अदम्य साहस के साथ चीन की हरकतों का सामना किया, वह 10 हजार जवानों के साहस के बराबर था। हमारे लिए यह दिवस एक पर्व की तरह है, क्योंकि अपने कर्तव्य की बेदी पर प्राणों का उत्सर्ग, हमारे जवानों का सौभाग्य और हमारे लिए प्रेरणा है। जो अपने कर्तव्य की वेदी पर प्राणों की आहुति देता है, वह वास्तव में अमर है। यह शहादत हमें समर्पित भाव से ड्यूटी की प्रेरणा देती है और सरकार के दृष्टिकोण से यह गर्व का विषय है कि हमारे जवान कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण से सदैव अपने साथियों को प्रेरणा देते रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस परेड 2025 के अवसर पर लाल परेड ग्राउंड शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम का संबोधित कर रहे थे।

पुलिस के कारण ही अपराधियों के हौसले पस्त हैं:
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को शांति का टापू कहा जाता है। इसका श्रेय प्रदेश पुलिस की सतर्कता, अनुशासन और समर्पण को जाता है। हमारे पुलिस कर्मी प्रदेश में नक्सलवाद, माफिया, साइबर अपराध के नियंत्रण और महिला सुरक्षा, तकनीकी नवाचार तथा जन-जागरूकता अभियानों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। यह गर्व का विषय है कि पुलिस के कारण ही अपराधियों के हौसले पस्त हैं और हम सुशासन की ओर अग्रसर हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जीरो टॉलरेंस की नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्ष डेढ़ करोड़ के इनामी 10 नक्सलवादियों का खातमा, जयपुर सीरियल ब्लास्ट के आरोपियों की गिरफ्तारी और आतंकवादियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई पुलिस के पराक्रम के उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

बेटियां प्रदेश का गौरव, उनके जीवन को सुखी बनाने कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के अवसर पर ईदगाह हिल्स स्थित समुदायिक भवन में निर्धन परिवारों की बेटियों को त्यौहार की बधाई दी और उपहार प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेटियां प्रदेश का गौरव हैं। उनके जीवन को सुखी बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्धन परिवारों को अवास उपलब्ध करवाकर उनके जीवन में खुशियां लाने का काम किया है। बहनों और बेटियों के कल्याण के लिए भी अनेक योजनाएं केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही हैं। दीपावली त्यौहार सभी के चेहरे पर मुस्कान लाता है। आज बेटियों के बीच आकर त्यौहार की खुशी दोगुनी हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बेटियों से उनकी शिक्षा और परिवार के संबंध में संवाद भी किया। सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कल उज्जैन में कुष्ठ रोगियों के साथ त्यौहार मनाया और आज भोपाल में बेटियों के बीच त्यौहार की खुशियां साझा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीपावली त्यौहार को सार्थक कर दिया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्पहारों से स्वागत किया गया। इस अवसर पर दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, पार्षद मती सरोज, मती गुंजन चौकसे, सु नेहा बग्गा, दुर्गेश केसवानी और राकेश कुकरेजा सहित बड़ी संख्या में बेटियां उपस्थित थी।